गुंडागर्दी पर उतारू हो गया दीपिका प्रबंधन
जबरन मकान का सर्वे करने की कोशिश हुई नाकाम
पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने समवेत स्वर में किया विरोध
एसईसीएल दीपिका प्रबंधन हरदी बाजार की जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा करना चाहता है सोमवार को भी पुलिस की उपस्थिति में मकान का सर्वे करने गई एसईसीएल की टीम को विरोध के कारण भागना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा है कि उनकी सात सूत्रीय मांगों पर यदि अमल नहीं किया गया तो गांव की 1 इंच जमीन भी दीपिका प्रबंधन को नहीं देंगे


खदान विस्तार के लिए दीपिका प्रबंधन द्वारा हरदी बाजार की जमीन पर कब्जा करने की सोमवार को कोशिश की गई। तमाम पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में सीसीएल के अधिकारियों ने सर्वे करना जैसे ही प्रारंभ किया लोग एकत्रित हो गए और विरोध शुरू हो गया
कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर भाजपा जिला मंत्री अजय दुबे नरेश टंडन विजय जायसवाल सरपंच लोकेश्वर कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध करने पहुंच गए। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। खदान अधिकारियों ने ग्रामीणों को तमाम प्रलोभन दिए लेकिन उनकी एक न चली और उन्हें वहां से खाली हाथ भागना पड़ा
नेताओं का तर्क था कि गत दिनों पाली एसडीएम की मौजूदगी में जो निर्णय लिया गया था उस पर भी अमल नहीं किया जा रहा है और अब जिस तरह की दादागिरी पर दीपिका प्रबंधन उतर आया है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । यहां मौजूद नेताओं ने कहा कि किसी भी ज्यादती का विरोध किया जाएगा
गौरतलब है कि हरदी बाजार के लोगों ने खदान प्रबंधन की टाल मटोल वाली नीति से परेशान अन्य भूविस्थापितों की दुर्दशा को देखते हुए सर्वे करने से पहले ही सारी शर्तों को पूर्ण करने की जिद ठान ली है। भूविस्थापितों को इस मामले में व्यापक जन समर्थन प्राप्त हो रहा है। यही कारण है कि दीपिका प्रबंधन के हाथ पांव फूल गए हैं अब वह कोई भी तरीका अपना कर जमीन पर काबिज होना चाहता है लेकिन ग्रामीणों का रुख देखकर लगता है कि बिना सारी मांगे पूरी किये प्रबंधन जमीन हथियाने में सफल नहीं हो पाएगा




