कोयला मंत्री के दौरे की दिखावटी तैयारी बनी दुर्घटना का कारण, पूर्व अधिकारी घायल

0
56

Acn18.com/ एसईसीएल दीपका में उड़ते पर्दे से बाइक सवार पूर्व अधिकारी गिरकर घायल, घुटने की हड्डी टूटी दिखावे के चक्कर में प्रबंधन की लापरवाही उजागर, कर्मचारियों में आक्रोश

IMG 20250630 WA0005

गेवरा/दीपका, केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री के संभावित दौरे को लेकर एसईसीएल दीपका प्रबंधन की तैयारी अब कर्मचारियों की जान पर बन आई है। दिखावे और सजावट के चक्कर में की जा रही अव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते एक गंभीर हादसा सामने आया है, जिसमें पूर्व एसईसीएल अधिकारी डीपी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन द्वारा खदान क्षेत्र में बड़े-बड़े पर्दे लगाए गए थे, ताकि खामियों को छुपाया जा सके और मंत्री के सामने सब कुछ बेहतर दिखे। लेकिन यह पर्दे हवा के तेज झोंकों से उड़कर बीच रास्ते में गिरने लगे, जिससे कर्मचारियों के लिए आवागमन खतरनाक हो गया।

इसी बीच पूर्व अधिकारी डीपी यादव, जो अपने दफ्तर का कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे, उनकी बाइक पर एक भारी पर्दा आकर गिर गया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें उठाया और तुरंत ख हॉस्पिटल, कोरबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनका घुटना टूट गया है और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता है।

प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल

यह हादसा सिर्फ एक उदाहरण है कि एसईसीएल दीपका प्रबंधन मंत्री के दौरे को लेकर वास्तविक सुधार के बजाय केवल सतही सजावट में जुटा है। जो खदान में काम करने वाले श्रमिकों और अधिकारियों की सुरक्षा के लिए बेहद चिंताजनक है।

दिखावे के लिए भीतर और बाहर की दीवारों पर पुताई, पर्दों की सजावट, और सौंदर्यीकरण पर करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं, जबकि मूलभूत सुरक्षा और संरचनात्मक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

स्थानीय आक्रोश और संभावित शिकायत

घटना के बाद खदान क्षेत्र में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जो पैसा श्रमिकों की सुविधा, सुरक्षा और उत्पादन के साधनों पर खर्च होना चाहिए, वह दिखावटी तैयारियों में बर्बाद किया जा रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इस लापरवाही की शिकायत मंत्री महोदय से करने की संभावना जताई जा रही है। कर्मचारी संघों ने भी प्रबंधन के इस रवैये की कड़ी निंदा की है और इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।