ACN18.COM/महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराध को देखते हुए लगातार रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कोरबा जिले में पुलिस के द्वारा खाकी के रंग पुलिस के संग नामक अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत समस्याओं को जानने के साथ निराकरण करने की कोशिश की जा रही है। गायत्री विद्यालय में इसी तरह का कार्यक्रम किया गया। यहां पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शिकायत बॉक्स लगाया गया है।
कोरबा जिला को अपराध मुक्त बनाने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है। इस दिशा में स्थानीय पुलिस अपना काम कर रही हैं। अलग-अलग स्तर पर रणनीति तैयार करने के साथ काम किया जा रहा है। कई टीमों को इस काम में लगाया गया है। इसी के अंतर्गत आम लोगों को पुलिस से जोड़ने और उनका विश्वास जीतने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। शहरी क्षेत्र में 29 नवंबर से इस तरह के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में पहुंचने के साथ बच्चों को विभिन्न अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही हैं और सुरक्षा के टिप्स बताए जा रहे हैं। उप निरीक्षक भावना खंडारे और रेहाना के द्वारा यहां पर प्रदर्शन करते हुए छात्राओं के मनोबल में बढ़ोतरी की गई। छात्रों को बताया गया कि आपात स्थिति में इस तरह के टिप्स काम में लाए जा सकते हैं।
उप निरीक्षक भावना ने बताया कि उनके सहित गायत्री शर्मा और रेहाना के अलावा कई लोग इस टीम में शामिल किए गए हैं जो विभिन्न विद्यालयों में पहुंचने के साथ विद्यार्थियों को गुड टच बैड टच की जानकारी दे रहे हैं। उन्हें अपनी समस्य बताने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस ने कुछ मामलों को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में शिकायत बॉक्स लगाना तय किया है। इसके पीछे उद्देश्य यह है कि जो लोग अपनी पहचान उजागर किए बिना शिकायत करना चाहते हैं वह इस व्यवस्था को अपना सकते हैं।
आगामी दिनों में शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की टीम इस अभियान को आगे बढ़ाने का काम करेगी । इसके अंतर्गत सभी विद्यालयों में पुलिस की पहुंच होगी और इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा कवच देने का काम किया जाएगा।